महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजी नगर से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक महिला को पाकिस्तान के लिए जासूसी करने के संदेह में हिरासत में लिया गया है। गिरफ्तार महिला की पहचान कल्पना त्रिंबकराव बागवत के रूप में हुई है। कल्पना पिछले छह महीनों से एक लग्जरी होटल में फर्जी ID और IAS अधिकारी के नकली नियुक्ति पत्र का इस्तेमाल कर रह रही थी। उसके कमरे से मिले सबूतों ने उसके खिलाफ शक और भी मजबूत कर दिया है।
जांच अधिकारियों ने बताया कि कल्पना के पास से 11 इंटरनेशनल मोबाइल नंबर मिले हैं, जिनमें पाकिस्तानी सेना के एक अधिकारी का नंबर भी शामिल है। साथ ही अफगानिस्तान के कई नंबर भी बरामद किए गए। शुरुआती जांच में खुलासा हुआ कि कल्पना का एक अफगानी प्रेमी अशरफ खलील है, जिसकी ओर से उसके बैंक खाते में भारी रकम ट्रांसफर की गई थी। उसके कमरे से 19 करोड़ और 6 लाख रुपये के दो चेक भी मिले हैं, जिन्होंने शक को और गहरा कर दिया है।
दिल्ली के लालकिले के पास हुए कार ब्लास्ट के समय कल्पना दिल्ली में मौजूद थी, इसलिए पुलिस अब इस एंगल से भी पूछताछ कर रही है। अधिकारियों के अनुसार, कल्पना उज्बेकिस्तान की एक महिला और अपने अफगानी प्रेमी को भारत का वीज़ा दिलाने की कोशिश कर रही थी। उसके फोन की फॉरेंसिक जांच में पाकिस्तान के नंबर पर भेजे गए कुछ डिलीटेड मैसेज भी मिले हैं।
पुलिस ने अदालत से रिमांड मांगा है ताकि यह पता लगाया जा सके कि क्या कल्पना की गतिविधियाँ देश की सुरक्षा के लिए खतरा थीं और कहीं यह नेटवर्क इससे भी बड़ा तो नहीं।

